Haldia Refinery fire : हल्दिया रिफाइनरी की पाइपलाइन में लगी आग, 15 कर्मचारी झुलसे

0
5

कोलकाता। Haldia Refinery fire : बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया रिफाइनरी (हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स) की नैप्था सप्लाई पाइपलाइन में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक करीब 15 लोगों के झुलसने की खबर है, जबकि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया है।

Champawat News : चम्पावत विकास पर मुख्यमंत्री धामी का फोकस, मॉडल जनपद बनाने का संकल्प

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब चार बजे हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैप्था पाइपलाइन में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के तुरंत बाद आग तेजी से फैलते हुए हल्दिया नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक पहुंच गई।

अचानक हुए धमाके और आग की लपटों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग घर छोड़कर बाहर निकल आए।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, सुबह के समय अचानक पाइपलाइन से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आसपास के कई घरों में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा इलाका आग की चपेट में आ गया।

दो लोगों की हालत गंभीर

दमकल कर्मियों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर 15 घायलों को गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत हल्दिया महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए तमलुक मेडिकल कालेज रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद हल्दिया के विधायक प्रदीप बिजली अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने आशंका जताई कि पाइपलाइन से नैप्था गैस के रिसाव के कारण विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग लग गई। हालांकि पाइपलाइन से रिसाव क्यों हुआ, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। कंपनी ने कहा कि फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता कर्मचारियों और प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

रेल सेवा प्रभावित

हादसे का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा है। जिस पाइपलाइन में विस्फोट हुआ, उसके पास ही हल्दिया-पांशकुड़ा रेल मार्ग गुजरता है। विस्फोट की वजह से ओवरहेड बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर जल गए, साथ ही रेलवे ट्रैक का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

सुरक्षा कारणों से हल्दिया से हावड़ा जाने वाली यात्री ट्रेन को भी रोका गया है, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इस बड़े औद्योगिक हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

क्या होता है नैफ्था?

जानकारी के अनुसार, नैफ्था कच्चे तेल के शोधन से प्राप्त एक अत्यधिक वाष्पशील और ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन तरल होता है। जब कच्चा तेल उबला जाता है, तो पेट्रोल से ठीक पहले नैफ्था वाष्प के रूप में अलग हो जाता है। यह कुल कच्चे तेल का लगभग 15% से 30% होता है।

इसका मुख्य उपयोग पेट्रोकेमिकल उद्योग में प्लास्टिक, रबर बनाने के लिए कच्चे माल के रूप में और पेट्रोल की गुणवत्ता सुधारने में किया जाता है। इसके अलावा पेंट, वार्निश, पॉलिश और ड्राई क्लीनिंग में भी इसका उपयोग होता है।

Delhi EV Policy 2026 : दिल्ली में नई ईवी पॉलिसी को मंजूरी, एक जुलाई से होगी लागू; जानें क्या होंगे बड़े बदलाव

 

LEAVE A REPLY