पटना। Agnipath Scheme Protest: आर्मी, नेवी और वायुसेना में भर्ती के लिए सरकार की नई योजना ‘अग्निपथ’ के विरोध में बिहार में शुरू हुआ युवाओं का विरोध दूसरे दिन यानी गुरुवार को उग्र रूप अख्तियार कर लिया है। नवादा जिले के भाजपा कार्यालय में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इससे पहले इसी जिले में भाजपा विधायक पर हमला हुआ था। दिल्ली- हावड़ा मुख्य रेल लाइन के बक्सर और आरा स्टेशनों पर जमकर तोड़फोड़ हुई है और रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है।
Z Security Fake News: गृह मंत्री के वायरल फर्जी पत्र मामले में मुकदमा दर्ज
भागलपुर से बक्सर और गया से मोतिहारी तक हर जगह बवाल
विरोध की यह कड़ी भागलपुर से बक्सर तक देखने को मिल रही है। कई जगह ट्रेनों की बोगियों में आग लगा दी गई है, तो आरा में ट्रेन (Agnipath Scheme Protest) पर पथराव से कई यात्री जख्मी हो गए हैं। मोतिहारी, सिवान, छपरा, जहानाबाद, अरवल, नवादा, पटना, मुजफ्फरपुर, कैमूर सहित कई शहरों में पिछले दो दिनों में विरोध तेज हुआ है। गया में गांधी मैदान में युवाओं ने सभा की। यहां प्रशासन पहले से सतर्क रहा और सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। युवाओं का कहना है कि सरकार को सेना में भर्ती, वेतन और पेंशन के लिए पुरानी प्रक्रिया को ही जारी रखा जाना चाहिए।
कल पूर्व मुख्यमंत्री पर आज विधायक पर हमला
गुरुवार को पटना – गया रेलखंड, पटना-पीडीडीयू रेलखंड, गया- किउल रेलखंड, छपरा- सिवान रेलखंड पर युवाओं ने ट्रेन परिचालन बाधित किया है। बुधवार की शाम गया में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के काफिले पर इसी विषय पर हंगामे के दौरान पथराव किया गया था। गुरुवार को नवादा में विधायक की गाड़ी पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। हंगामा के चलते पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस, काशी-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-कामख्या एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को अलग -अलग स्टेशनों पर घंटों रोकना पड़ा है। बुधवार को पटना, भागलपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय सहित और भी कई शहरों में हंगामा हुआ था।
जहानाबाद स्टेशन पर नई योजना के विरोध (Agnipath Scheme Protest) में सेना बहाली की तैयारी करने वाले युवाओं ने प्रदर्शन किया। यहां युवाओं ने ट्रेनों के साथ स्टेशन के ठीक बगल से गुजरने वाले एनएच पर वाहनों का आवागमन भी बाधित किया। करीब ढाई घंटे के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर युवाओं को खदेड़ा। अरवल में भी आर्मी बहाली को लेकर हंगामा हुआ, जिसे प्रशासन ने दो घंटे की मशक्कत के बाद शांत करा लिया। इधर, बक्सर और नवादा में भी हंगामा शुरू हुुुआ है। नवादा जिले में वारसलीगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक अरुणा देवी की गाड़ी पर हमले की सूचना मिल रही है। आरा स्टेशन के पास चलती ट्रेन पर पथराव से कई रेल यात्री घायल हो गए हैं, जिनका इलाज दानापुर के रेलवे अस्पताल में किया जा रहा है।
पथराव के बाद पुलिस ने रेलवे ट्रैक से छात्रों को खदेड़ा, एक जवान जख्मी
जहानाबाद में सुबह छह बजे ही छात्रों ने आकर रेलवे ट्रैक पर कब्जा जमा लिया था। छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस भी चुप थी। तीन घंटे बाद छात्रों की भीड़ से अचानक किसी ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भो मोर्चा संभाल लिया। हल्का बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ भगाया। इस बीच पथराव में रेल पुलिस के जवान निरंजन कुमार जख्मी हो गए, जिनका इलाज रेल अस्पताल में कराया गया।
एनएच 83 से भी हटा जाम
पटना-गया एनएच 83 से भी सुबह 10 बजे के आसपास पुलिस ने जाम हटाया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर काको मोड़ को खाली कराया। यहां छात्रों ने आगजनी भी की थी। पटना-गया और जहानाबाद-बिहारशरीफ मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। दोनों मार्ग सुबह छह बजे से ही बंद होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
बुधवार को दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर किया था प्रदर्शन
आर्मी बहाली की मांग कर रहे युवाओं ने दिल्ली – हावड़ा मुख्य रेल मार्ग के पटना – पीडीडीयू रेलखंड के बक्सर स्टेशन पर यातायात बाधित किया था। बुधवार की सुबह बक्सर में युवाओं ने काशी – पटना जनशताब्दी को काफी देर तक स्टेशन पर रोक कर रखा था। आरपीएफ और जीआरपी के प्रयासों के बाद ट्रेन परिचालन शुरू कराया गया था।
गया में मांझी पर हमला, मुजफ्फरपुर में भी हुआ था बवाल
मुजफ्फरपुर में युवाओं ने दो साल से लंबित सेना बहाली प्रक्रिया पूरी करने की मांग को लेकर सड़कों पर टायर जलाकर यातायात बाधित किया था और नारेबाजी की थी। इस दौरान पुलिस को लाठी चार्ज करते हुए भीड़ को कंट्रोल करना पड़ा था। गया के भुसुंडा मोड़ पर बुधवार की शाम सड़क जाम कर युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी बीच रास्ते से गुजरते पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के काफिले पर पथराव कर दिया गया। हालांकि, इसमें किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था। इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस मंगाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
अरवल और जहानाबाद में छात्रों का बवाल, ट्रेन रोकी, सड़क जाम
केंद्र सरकार द्वारा युवाओं को महज चार साल के लिए सैन्य बलों में भर्ती की योजना के विरोध में छात्रों ने गुरुवार को अरवल और जहानाबाद में जमकर बवाल काटा। सुबह छह बजे ही अचानक एकजुट हुए युवकों ने अरवल के किंजर-कुर्था मोड़ एवं पालीगंज पथ को जाम कर दिया। छात्रों की संख्या 200 से ज्यादा थी। इस सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। युवकों ने वरीय अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग को रखा। करीब दो घंटे की मशक्कत बाद छात्र माने, जिसके बाद किंजर-कुर्था एवं पालीगंज पथ पर यातायात सेवा बहाल हुई।
जहानाबाद में बवाल शांत कराने में जुटा प्रशासन
जहानाबाद में भी सुबह ही छात्रों का हुजूम पटना-गया रेलखंड पर जहानाबाद स्टेशन और पटना-गया एनएच 83 पर उतर आया। यहां भी जुटे 100 से ज्यादा युवकों ने खूब बवाल काटा है। छात्रों ने रेल पटरी पर बैठ कर ट्रैक को जाम कर दिया। इस कारण सुबह की ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी पहुंची, लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं। यात्री परेशान हैं। वही स्टेशन के समीप ही छात्रों ने एनएच 83 को काको मोड़ के पास जाम कर दिया। इससे पटना-गया और जहानाबाद-बिहारशरीफ मार्ग में भी आवागमन बाधित हो गया है। दोनों सड़क मार्ग पर जाम लगा हुआ है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं। छात्रों को मानने का प्रयास जारी है। स्टेशन और सड़क पर भारी संख्या में पुलिस जवान मौजूद हैं।
बक्सर में चार घंटे बाद क्लीयर हुआ रेलवे ट्रैक
आरा-बक्सर रेलखंड के बीच रघुनाथपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सेना भर्ती की नई प्रक्रिया के विरोध में आक्रोशित युवाओं द्वारा करीब ढाई घंटे तक रेलवे ट्रैक को पूरी तरह जाम किए रखा और रेल की पटरियों पर टायर जलाकर सरकार के विरोध में नारेबाजी करते रहे। रेलवे क्रासिंग जाम के कारण ब्रह्मपुर-बगेन सड़क मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। रेल पुलिस और ब्रह्मपुर पुलिस के हस्तक्षेप के करीब ढाई घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और नारेबाजी करते युवक वापस लौट गए। 12:30 बजे बक्सर में भी युवकों ने रेल ट्रैक खाली कर दिया। यहां चार घण्टों तक रेल ट्रैक जाम रहा।
गोपालगंज में युवाओं ने रोकी पैसंजर ट्रेन
गोपालगंज में आर्मी भर्ती की नई योजना ‘अग्निपथ’ (Agnipath Scheme Protest) के खिलाफ युवाओं ने उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सिधवलिया स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन रोक दी। उग्र युवाओं ने ट्रेन में आग लगा दी। थावे-छपरा रेलखंड को प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया। इसके चलते ट्रेन परिचालन घंटों बाधित रहा।
.jpeg)

.jpeg)




















