बेंगलुरु। Bengaluru Accident कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां गुरुवार सुबह बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना इलाके में एक पत्थर की खदान में एक विशालकाय चट्टान ढह गई। इस हादसे में बिहार के रहने वाले 7 मजदूरों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए हैं।
काम के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह-सुबह उस समय हुआ जब मजदूर खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई के काम में लगे हुए थे। वहां मौजूद एक मजदूर ने बताया कि साइट पर करीब 18 लोग काम कर रहे थे, तभी अचानक लगभग 40 फीट की ऊंचाई से एक बहुत बड़ी चट्टान मजदूरों के ऊपर आ गिरी। जानकारी के अनुसार सभी मृतक दिहाड़ी मजदूर थे और वहां स्टोन क्रशर साइट पर काम करते थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन जांच जारी
बता दें कि हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाने का काम शुरू किया। हादसे में घायल हुए मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए पास के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है।
मलबे की तलाश में जुटी प्रशासन
प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए मलबा साफ किया जा रहा है कि कहीं कोई और मजदूर तो अंदर नहीं फंसा है।
बिहार के रहने वाले थे सभी मृतक
गौरतलब है कि पुलिस ने पुष्टि की है कि जान गंवाने वाले सभी 7 मजदूर बिहार के रहने वाले थे। उनके परिवारों को इस हादसे की जानकारी देने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि यह चट्टान कैसे गिरी और क्या खदान में सुरक्षा नियमों की अनदेखी या लापरवाही की गई थी।




















