गुवाहाटी: Assam Election Results असम में विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है. रुझानों में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने बड़ी बढ़त बना ली है. अब तक आए रुझानों में एनडीए कुल 126 सीटों में से 98 पर आगे है. जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन 27 सीट पर आगे चल रहा है.
कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार गौरव गोगोई जोरहाट से चुनाव हार गए हैं. बीजेपी उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने गौरव गोगोई को 23,182 मतों के अंतर से हराया. सभी राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद गोस्वामी को कुल 69,439 वोट मिले, जबकि गोगोई 46,257 वोट हासिल कर दूसरे नंबर पर रहे.
चुनाव आयोग की ओर से जारी रुझानों के मुताबिक, बीजेपी 79 सीटों पर आगे चल रही है. कांग्रेस 25 सीट, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) 10 सीट और असम गण परिषद (AGP) 8 सीट पर आगे हैं. AIUDF और रायजोर दल दो-दो सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं.
रुझानों में स्पष्ट बढ़त के बाद गुवाहाटी में बीजेपी ऑफिस में जश्न चल रहा है. राज्य भर में बीजेपी कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जालुकबारी में आगे चल रहे हैं. 10 राउंड की मतगणना (Assam Election Results) के बाद बीजेपी उम्मीदवार सरमा 46,449 मतों के अंतर से आगे हैं. सरमा को 67,144 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस की बिदिशा नियोग (Bidisha Neog) को 20,695 मिले हैं.
उधर, चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए प्रद्युत बोरदोलोई शुरुआती ट्रेंड्स में दिसपुर से आगे चल रहे हैं.
अब तक आए नतीजों से साफ हो गया कि असम में बीजेपी के नेतृत्व में NDA लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहा है.
असम विधानसभा चुनाव के नतीजों पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ 100 सीटें जीतने के करीब है. उन्होंने कहा, “लोगों को न्याय मिला, इसलिए लोग खुश थे, और उन्हें लगता है कि अगर BJP की सरकार बनी तो उन्हें और ज्यादा विकास मिलेगा.”
असम में सुबह 8 बजे वोटों की गिनती शुरू हुई. 126 विधानसभा सीटों पर 722 कैंडिडेट ने चुनाव लड़ा. 35 जिलों में 40 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं.
सत्तारूढ़ BJP नीत NDA में असम गण परिषद (AGP) और बोडो पीपल्स फ्रंट (BPF) शामिल हैं. BJP ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि AGP और BPF ने क्रमशः 26 और 11 सीटों पर चुनाव लड़ा था. विपक्षी गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने 99 सीट, रायजोर दल ने 13, असम जातीय परिषद ने 10, CPI(M) ने तीन और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस (APHLC) ने दो सीट पर चुनाव लड़ा.
असम में 9 अप्रैल को एक चरण में चुनाव हुए थे और ऐतिहासिक 85.91 प्रतिशत वोटिंग हुई थी.




















